निशानेबाज हीना ने रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया

नई दिल्ली, 27 जनवरी (आईएएनएस)। यहां कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में बुधवार से शुरू हुए एशियन क्वालीफाइंग के पहले दिन संयुक्त रूप से विश्व रिकॉर्डधारी भारत की स्टार निशानेबाज हिना सिद्धू ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया और रियो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर लिया।

घरेलू दर्शकों के बीच अपेक्षाओं के दबाव के बीच हीना ने शानदार प्रदर्शन किया और 387 का नायाब स्कोर हासिल कर शीर्ष पर रहीं।

फाइनल मुकाबले में हीना ने 199.4 का स्कोर किया और चीनी ताइपे की तिएन चिया चेन (198.1) को पछाड़कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

दक्षिण कोरिया की युन मी गिम तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें कांस्य पदक मिला।

क्वालीफाइंग के पहले दिन ओलम्पिक में क्वलीफाई करने वाली दूसरी निशानेबाज रहीं ईरान की गोलनूश सेबगातुल्लाही। सेबगातुल्लाही इसी वर्ग में चौथे स्थान पर रहीं।

हीना का बीते पांच महीने में यह पांचवां अंतर्राष्ट्रीय स्वर्ण पदक है। पूर्व विश्व चैम्पियन हीना बीते वर्ष सितंबर में हुए आठवें एशियन एयर गन चैम्यिनशिप में इसी वर्ग में विजेता रही थीं।

फाइनल में आठ महिला निशानेबाज पहुंचीं, लेकिन ईरान की इल्हाम हरिजानी और सिंगापुर की शीयू होंग तेह के बाहर होने के बाद ओलम्पिक में निर्धारित दो कोटा स्थानों में से एक भारत की झोली में जाना तय हो गया।

हीना ने लेकिन ओलम्पिक क्वालीफाई तय हो जाने के बावजूद प्रदर्शन में कोई कमी नहीं आने दी और विजेता बनकर उभरीं।

पुरुषों की 50 मीटर एयर राइफल प्रोन स्पर्धा के फाइनल में दक्षिण कोरिया के जोंगह्यून किम ने स्वर्ण पदक हासिल कर ओलम्पिक में जगह पक्की कर ली। किम लंदन ओलम्पिक-2012 में रजत पदक विजेता थे।

स्पर्धा से ओलम्पिक में दूसरा कोटा हासिल करने वाले थाईलैंड के अत्तापोन वीया आरी रहे। आरी ने 206.1 के स्कोर के साथ स्पर्धा का रजत पदक हासिल किया।

स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले तीन भारतीय निशानेबाजों में स्वप्निल कुसाले ने सर्वश्रेष्ठ स्कोर हासिल किया। स्वप्निल ने 617.2 का स्कोर कर 14वां स्थान हासिल किया, जबकि सुशील घालय 17वें और सुरेंद्र सिंह राठौड़ 24वें स्थान पर रहे।

महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा से जापान की यूकी नाकायामा ने शूट-ऑफ तक खिंचे फाइनल मुकाबले में चीन की क्विंगनियान ली को हराकर ओलम्पिक में जगह बनाई।

निर्धारित 15 शॉट के बाद दोनों निशानेबाजों के समान रूप से 12 अंक रहे, जिसके बाद शूट-ऑफ खेलना पड़ा।

क्विंगनियान हालांकि स्पर्धा का स्वर्ण चूकने के बावजूद ओलम्पिक में जगह हासिल करने में सफल रहीं।

पुरुषों की रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा के पहले चरण में भारत के विजय कुमार 285 का स्कोर सातवां स्थान हासिल कर सके, जबकि नीरज कुमार (279) 13वें और हरप्रीत सिंह (278) 16वें स्थान पर रहे।

पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के पहले चरण में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद मानवजीत सिंह संधू का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। संधू स्पर्धा में 26वें स्थान पर हैं। हालांकि अभी स्पर्धा में कुल 75 शॉट का मैच और होना है और स्पर्धा से ओलम्पिक के लिए कुल चार कोटा स्थान हैं। ऐसे में मानवजीत से उम्मीदें अभी भी बनी हुई हैं।

भारत के ही पृथ्वीराज तोंदाइमान ने जरूर बेहतरीन प्रदर्शन किया और कजाकिस्तान के मैक्सिम कोलोमोयेट्स के बाद दूसरे स्थान पर रहे। कोलोमोयेट्स 50 में से एक भी शॉट नहीं चूके।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493