ढाका, 9 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी में हुए हालिया आतंकवादी हमलों के मद्देनजर दक्षिण एवं मध्य एशिया के लिए अमेरिका की सहायक विदेश मंत्री निशा देसाई बिस्वाल रविवार को दो दिवसीय दौरे पर ढाका पहुंचेंगी।
समाचार पत्र ‘डेली स्टार’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दो दिवसीय ढाका दौरे के दौरान बिस्वाल बांग्लादेश के गृह मंत्री असदुज्जमान खान कमल तथा विदेश मंत्री अबुल हसन महमूद अली तथा अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात करेंगी।
ढाका तथा वाशिंगटन के कूटनीतिक सूत्रों के मुताबिक वह प्रधानमंत्री शेख हसीना से भी मुलाकात कर सकती हैं।
ढाका में एक जुलाई को एक कैफे पर हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर बिस्वाल बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा करेंगी। हमले में आतंकवादियों ने बंधक बनाकर 20 लोगों को मार डाला था, जिनमें 18 विदेशी नागरिक थे। मृतकों में बांग्लादेश मूल का एक अमेरिकी नागरिक भी था। अमेरिका ने बांग्लादेश को गुलशन इलाके में हुए हमले की जांच में सहयोग देने की पेशकश की है। साथ ही बांग्लादेश में अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों व अमेरिकी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कड़ी करने की बात कही है।
बिस्वाल ने ढाका का अंतिम दौरा पांच व छह मई को किया था। उन्होंने यह दौरा 25 अप्रैल को यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट (यूएसएआईडी) के कर्मचारी तथा एक समलिंगी अधिकार कार्यकर्ता शुल्हाज मानन की ढाका में हत्या के बाद किया था।
dharmpath.com dharmpath