रियो डी जनेरियो, 9 जुलाई (आईएएनएस)। रियो ओलंपिक समारोह में आमंत्रित किए जाने के एक दिन बाद निलंबित ब्राजीलियाई राष्ट्रपति डिल्मा रौसेफ ने संकल्प लिया है कि वह पद नहीं छोड़ेंगी। ओलंपिक का आयोजन अगस्त महीने में होगा।
साओ पाउलो में श्रमिक संघों द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए शुक्रवार को रौसेफ ने कहा, “उन्होंने मुझसे कहा है और इस्तीफा देने का मुझपर दबाव बनाया है। लेकिन मैं कभी इस्तीफा नहीं दूंगी, क्योंकि 5.4 करोड़ लोगों ने मुझको चुना है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, रौसेफ ने कहा, “महिला कभी पीछे नहीं हटती, क्योंकि एक महिला कभी भी लड़ाई नहीं छोड़ती है।”
ब्राजील के खेल मंत्री लियोनाडरे पिकियानी ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि ब्राजील में ओलंपिक के आयोजन में भूमिका निभाने के लिए मुख्य पंडाल में ब्राजील के अन्य पूर्व राष्ट्रपतियों के साथ रौसेफ के लिए भी एक सीट होगी।
खेल मंत्री ने स्पष्ट किया कि अंतरिम सरकार नहीं चाहती है कि ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में रौसेफ भाग लें। उन्होंने कहा कि खेल पूरे ब्राजील के लिए एक प्रयास है।
इस सप्ताह रौसेफ ने कहा कि वह महसूस करती हैं कि वह रियो ओलंपिक खेलों की मां हैं और लुला पिता हैं, क्योंकि दोनों ने आयोजन हेतु सभी आवश्यक कामों और तैयारियों में भूमिका निभाई है।
dharmpath.com dharmpath