बार्सिलोना, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। शीर्ष वरीय जापान के केई निशिकोरी रविवार को बार्सिलोना ओपन का अपना खिताब बचाने में सफल रहे।
निशिकोरी ने खिताबी मुकाबले में स्पेन के दिग्गज पाब्लो अंदुजार को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराया। इस दौरान निशिकोरी ने 23 विनर्स लगाए जबकि अंदुजार 19 विनर्स ही लगा सके।
विश्व के पांचवें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी निशिकोरी रियल क्लब दे टेनिस में इस क्ले कोर्ट खिताब को जीतने में एक घंटे 34 मिनट समय लिया।
निशिकोरी ने इस सीजन में यह दूसरा और अपने करियर में कुल नौवां खिताब जीता है।
मैच के बाद निशिकोरी ने कहा, “मेरा ध्यान खिताब बचाने पर नहीं बल्कि अपना श्रेष्ठ खेल दिखाने पर था। मैं जानता था कि स्पेनिश खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण यह टूर्नामेंट काफी कठिन हो जाता है, लिहाजा मैं हर एक मैच पर ध्यान लगाए हुए था।”
dharmpath.com dharmpath