पटना, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में आठ राज्यों के मुख्यमंत्री सहित कई पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मौजूद रहेंगे। अपराह्न् दो बजे राज्यपाल रामनाथ कोविन्द नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।
नीतीश के शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान पूरी तरह तैयार है। समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पटना के प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने बताया कि बड़ी संख्या में विशिष्ठ लोगों के आने की संभावना के मद्देनजर 2,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को गांधी मैदान की सुरक्षा में तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में आने वाले विशिष्ठ लोगों बैठने के लिए दो मंच लगाए गए हैं। मुख्य मंच पर नीतीश कुमार, उनके नए मंत्री तथा खास मेहमानों के बैठने का प्रबंध है। पास के एक मंच पर सभी नवनिर्वाचित विधायक बैठेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर मैदान में 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 30 पुलिस उपाधीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सूत्रों के अनुसार, नीतीश के साथ 28-30 मंत्री शपथ ले सकते हैं, जिसमें 12-12 नेता जनता दल (युनाइटेड) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के और चार कांग्रेस के हो सकते हैं।
जद (यू)के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि समारोह में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ. इबोबी सिंह, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस़ सिद्धारमैया, सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री नबम तुकी शामिल होंगे।
महागठबंधन विधायक दल के नेता नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी न्योता दिया था, लेकिन मोदी स्वयं नहीं बल्कि उनकी तरफ से वेंकैया नायडू व राजीव प्रताप रूड़ी शामिल होंगे।
जद (यू) के महासचिव क़े सी़ त्यागी ने बताया कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद और जद (यू) अध्यक्ष शरद यादव शपथ ग्रहण समारोह में रहेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री एच़ डी़ देवगौड़ा, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला, लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय लोकदल (रालोद)के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह भी शिरकत करेंगे।
इसके अलावा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी भी इस समारोह में मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री के सरकारी आवास में जलपान होगा।
dharmpath.com dharmpath