पटना, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने यहां शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अवसरवादी करार दिया।
प्रधान ने पटना में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में कहा कि बिहार में पिछले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को जनादेश मिला था, परंतु नीतीश ने गठबंधन तोड़कर जिसके खिलाफ जनादेश मिला था, उसी से हाथ मिला लिया। जो कि उनकी अवसरवादिता को स्पष्ट करता है।
बिहार विधानसभा चुनाव को केन्द्र सरकार द्वारा प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाए जाने संबंधित नीतीश की टिप्पणी पर प्रधान ने कहा, “नीतीश ने राजनीतिक आंकाक्षाओं का गठबंधन तोड़ दिया और फिर भोज का निमंत्रण देकर उसे रद्द कर दिया और आज वह प्रतिष्ठा की बात कर रहे हैं।”
प्रधान पिछले बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व की उस घटना का जिक्र कर रहे थे, जब बिहार में भाजपा कार्यकारिणी की बैठक चल रही थी और नीतीश ने भाजपा नेताओं को भोज पर आमंत्रित किया था। लेकिन बैठक में मोदी के पहुंचने की सूचना मिलने पर नीतीश ने भोज रद्द कर दिया था।
प्रधान ने कहा कि बिहार सहित पूवरेत्तर राज्यों का जब तक विकास नहीं होगा, तब तक देश का विकास संभव नहीं है।
प्रधान ने केन्द्र सरकार के विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि आज गरीब से गरीब लोग बैंक तक पहुंच रहे हैं। सामान्य लोगों का महीने में एक रुपये के भुगतान पर बीमा किया जा रहा है।
प्रधान ने कहा, “आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार का फैसला निर्णायक होगा, जो बिहार आज निर्णय करता है देश उसका अनुसरण करता है।”
उन्होंने नीतीश पर तंज कसते हुए कहा कि खुद को बिहारी बताकर कुछ लोग गलतफहमी में रहते हैं, परंतु बिहार की जनता सबकुछ जानती है।
राजग की योजनाओं के बारे में केन्द्रीय मंत्री ने कहा, “आज देश में एक गतिमान सरकर बनी है। हम अच्छे काम बिहार में भी करना चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath