नीतीश दिसंबर में उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे

पटना, 16 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के महागठबंधन में शामिल नहीं होने के फैसले के बाद बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार अब एक बार फिर दिसंबर महीने में राज्य का दौरा करेंगे।

जद (यू) के प्रधान महासचिव क़े सी़ त्यागी ने बुधवार को आईएएनएस से कहा, “नीतीश कुमार फिलहाल निश्चय यात्रा में व्यस्त हैं, इसलिए नवंबर महीने में उत्तर प्रदेश में उनकी सभाएं आयोजित करना संभव नहीं है। दिसंबर में फिर से सभाओं का दौर शुरू हो सकता है। ये सभाएं पहले बुंदेलखंड और अवध के इलाकों में आयोजित होंगी।”

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी सभाओं के आयोजन की कोई तारीख निश्चित नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि जद (यू) का प्रयास था कि उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में बिहार की तर्ज पर धर्मनिरपेक्ष दलों का एक महागठबंधन बने। लेकिन सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने अकेले चुनावी मैदान में उतरने की घोषणा कर दी है। अब संभावना है कि जद (यू), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के साथ मैदान में उतरेगी।

गौरतलब है कि कुछ महीने पूर्व नीतीश लगातार उत्तर प्रदेश का दौरा कर कई सभाओं को संबोधित कर चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493