नीतीश ने बिहार के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर की आधारशिला रखी

छपरा, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सारण जिला मुख्यालय छपरा में बिहार के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर की आधारशिला रखी। 411 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य वर्ष 2022 तक पूरा कर लिया जाना है।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर यहां छपरा-गोपालगंज के बीच नवनिर्मित स्टेट हाईवे को भी जनता को समर्पित किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि न्याय के साथ, विकास के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस साल के अंत तक सभी इच्छुक लोगों के घरों तक बिजली पहुंचा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस फ्लाईओवर के बन जाने से लोगों को जहां जाम से निजात मिलेगी वहीं उनकी यात्रा भी सुखद हो जाएगी।

इस मौके पर स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूड़ी ने इस फ्लाईओवर को देश का सबसे लंबा डबल डेकर फ्लाईओवर बताते हुए कहा कि यहां बन रहे डबल डेकर फ्लाइओवर की लंबाई करीब 3़5 किलामीटर होगा जबकि इसकी चौड़ाई करीब 5़5 मीटर होगी।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, स्वास्थ्य मंत्री और सारण जिले के प्रभारी मंत्री मंगल पांडेय, महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सहित कई विभागीय सचिव, अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि यह फ्लाईओवर छपरा के गांधी चौक से नगरपालिका चौक के बीच बनेगा। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की देखरेख में बनने वाले इस फ्लाईओवर का निर्माण वर्ष 2022 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493