नीतीश प्रधानमंत्री बनने लायक नहीं : तस्लीमुद्दीन

किशनगंज, 9 मई (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मोहम्मद तस्लीमुद्दीन ने यहां सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने लायक नहीं हैं।

किशनगंज में एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा, “नीतीश पीएम मटेरियल नहीं हैं। बिहार में सुशासन लाने में नाकाम रहने के बावजूद वो (नीतीश) प्रधानमंत्री बनने के दिन में सपने देख रहे हैं। जो आदमी अपने राज्य में सुशासन नहीं ला सका, राज्य में हत्याएं हो रही हैं वो देश कैसे चलाएगा।”

गया में एक छात्र की हत्या का आरोप एक विधान पार्षद के पुत्र पर लगाए जाने के मामले में सांसद ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री के आदेश के बिना पत्ता तक नहीं हिल सकता। मुख्यमंत्री को यह जिम्मेवारी लेनी होगी।

अररिया के सांसद ने बिहार में शराबबंदी के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा कि शराबबंदी अच्छी पहल है, लेकिन इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि यही नीतीश कुमार थे, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर गांव-गांव में शराब की दुकान खुलवा दी और आज अचानक बंदी थोप रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नीतीश शराबबंदी का राष्ट्रव्यापी अभियान चलाकर प्रधानमंत्री बनने के दिन में सपने देख रहे हैं, जो कभी सफल नहीं होगा।

राजद के वरिष्ठ नेता ने कहा, “बिहार में लगातार हो रही हत्याओं को देखते हुए लगता है नीतीश राज्य में शासन चलाने में नाकाम सिद्ध हुए हैं। प्रशासन पूरी तरह असफल साबित हुई है। मुख्यमंत्री लोगों को मूर्ख बना रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पिछले दिनों नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद का योग्य उम्मीदवार बताया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493