नीतीश मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे

पटना, 27 जुलाई (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार गुरुवार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ बनने वाली उनकी सरकार को राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी सुबह 10 बजे शपथ दिलाएंगे।

बुधवार की शाम नीतीश के इस्तीफा के बाद 20 महीने से चल रही महागठबंधन की सरकार गिर गई थी। इसके बाद बुधवार की देर रात नीतीश कुमार को जद (यू) और भाजपा संयुक्त विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

नीतीश ने देर रात ही नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल ने उन्हें नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। सुबह 10 बजे नीतीश कुमार छठी बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। सूत्रों के मुताबिक सुशील कुमार मोदी भी उपमुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ले सकते हैं। इस शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के भी भाग लेने की संभावना है।

राजभवन जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे राजभवन के राजेन्द्र मण्डप में आयोजित किया जाएगा।

इसके पूर्व बुधवार की रात नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मिलकर भाजपा, जद (यू), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, लोक जन शक्ति पार्टी के विधानसभा सदस्यों के अतिरिक्त दो निर्दलीय विधानसभा सदस्यों सहित कुल 131 विधायकों के समर्थन का पत्र प्रस्तुत किया था। इसके बाद राज्यपाल ने नीतीश को सरकार बनाने का न्योता दिया।

राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को शपथ-ग्रहण के बाद 29 जुलाई तक बिहार विधान सभा में बहुमत सिद्घ करने को कहा है ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493