नीतीश में प्रधानमंत्री बनने के गुण : मरांडी

पटना, 3 जून (आईएएनएस)। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी ने यहां शुक्रवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकल्प बनने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि नीतीश में प्रधानमंत्री बनने की सारी योग्यताएं हैं।

नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे मरांडी ने संवाददाताओं से कहा कि नीतीश ने केन्द्र सरकार में कई पदों पर काम किए हैं और वह बतौर मुख्यमंत्री बिहार में प्रशंसनीय काम कर रहे हैं।

झाविमो और जनता दल (युनाइटेड) के विलय के सवाल पर हालांकि मरांडी ने खुलकर कुछ नहीं बोला, लेकिन उन्होंने कहा कि ‘मोर्चा बनेगा या विलय होगा, जो कुछ भी होगा, उसे आप लोगों को बता दिया जाएगा।’

उन्होंने केन्द्र सरकार पर संघीय ढ़ांचे को बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा चाहती है कि वह ही सिर्फ सत्ता पर काबिज रहे। उन्होंने झारखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार बनाने से पहले और सरकार बनाने के बाद तक भाजपा ने झाविमो के आठ विधायकों को तोड़ा और कुछ को मंत्री तो कुछ को निगम तथा बोर्ड का अध्यक्ष बना दिया।

उन्होंने सभी धर्मनिरपेक्ष दलों से एक मंच पर आने का आह्वान करते हुए कहा कि फिरकापरस्त ताकतों से लड़ने के लिए सभी दलों को एक साथ मिलकर काम करने की जरूरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493