पटना, 26 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के केन्द्र सरकार द्वारा बिहार के सवा लाख करोड़ के विशेष पैकेज को छलावा करार दिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने पलटवार करते हुए कहा कि नीतीश और लालू प्रसाद इस बड़े पैकेज को लागू करने में ही सक्षम नहीं हैं।
पटना में बुधवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मोदी ने कहा, “नीतीश और लालू प्रसाद इतने बड़े पैकेज को लागू करने में सक्षम नहीं हैं। अब राज्य में ऐसी सरकार चाहिए जो ईमानदारी से विशेष पैकेज को लागू कर सके।”
मोदी ने कहा कि यह लड़ाई विकास और अहंकार की है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैकेज के लिए नीतीश ने एक बार भी केंद्र सरकार को धन्यवाद नहीं दिया बल्कि उसी में मीन-मेख निकाल रहे हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा ‘री पैकेजिंग’ के सवाल पर पलटवार करते हुए मोदी ने कहा कि बिहार में देश का पहला बहुकौशल विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए पैकेज में 1250 करोड़ रुपये, ऐतिहासिक विक्रमशिला विश्वविद्यालय के निकट केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने के लिए 500 करोड़ रुपये दिए गए हैं। नीतीश कुमार को बताना चाहिए कि क्या उच्च शिक्षा के ये प्रोजेक्ट नए नहीं हैं?
उन्होंने कहा कि नीतीश जिन पुरानी योजनाओं की चर्चा कर रहे हैं उन्हें यह बताना चाहिए कि उन योजनाओं को रोकने के लिए कौन जिम्मवार है। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कांग्रेस को ही बेनकाब कर रहे हैं।
मोदी ने कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज नीतीश जिस कांग्रेस के साथ हैं उस संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार ने तो बिहार को कुछ नहीं दिया और जब राजग की सरकार बिहार की तकदीर बदलने के लिए विशेष पैकेज दी है तो उन्हें अच्छा नहीं लग रहा है।
इससे पूर्व नीतीश ने 1़ 25 लाख करोड़ रुपये के विशेष पैकेज को बिहार के लिए छलावा करार देते हुए कहा, “इसमें एक लाख आठ हजार करोड़ रुपये की पुरानी योजनाएं हैं। पैकेज को लेकर अंधाधुंध विज्ञापनों के जरिए केन्द्र झूठा प्रचार कर ऐसा बता रही है, जैसे वे कुछ कर रहे हैं। यह पैकेज पुरानी योजनाओं की ‘री पैकेजिंग’ है।”
dharmpath.com dharmpath