नीतीश शनिवार को चुने जाएंगे महागठबंधन के नेता

पटना, 13 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के नव-निर्वाचित विधायक नीतीश कुमार को शनिवार को विधायक दल का नेता चुनेंगे। इसके बाद उन्हें महागठबंधन के विधायक दल के नेता के रूप में चुना जाएगा।

जद (यू) प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण ने कहा, “यहां शनिवार को एक बैठक में सर्वप्रथम नव-निर्वाचित विधायक नीतीश कुमार को जद (यू) के नेता के रूप में चुनेंगे। उसके बाद जद (यू), राजद और कांग्रेस के विधायक एक संयुक्त बैठक में उन्हें महागठबंधन के नेता के रूप में चुनेंगे।”

नीतीश पहले ही कह चुके हैं कि वह 14 नवंबर को मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक के बाद राज्य की विधानसभा भंग करने की सिफारिश करेंगे। वह उसी दिन महागठबंधन की एक संयुक्त बैठक के बाद नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नवनिर्वाचित विधायक अपने विधायक दल का नेता चुनने के लिए यहां शुक्रवार दोपहर एक बैठक कर रहे हैं।

विधायक दल के नेता के मुख्य दावेदार के रूप में अब सारी निगाहें राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव पर टिकी हुई हैं। तेजस्वी राघोपुर विधानसभा सीट से निर्वाचित हुए हैं।

कांग्रेस भी यहां शनिवार को अपने नवनिर्वाचित विधायकों की एक बैठक करेगी।

जद (यू) नेताओं के अनुसार, नीतीश छठ पूजा के बाद 36 सदस्यीय मंत्री परिषद के साथ 20 नवंबर को एक बार फिर राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

नीतीश कुमार को बिहार विधानसभा चुनाव का प्रचार शुरू होने से पूर्व महागठबंधन ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया था।

वहीं, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने नीतीश को महागठबंधन का ‘दूल्हा’ बताया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493