पटना, 7 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी (सुमो) ने सोमवार को रक्षाबंधन के मौके पर पेड़ों को राखी बांधी और लोगों से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़ बचाने का संदेश दिया।
राज्य के वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा ‘वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के अवसर पर पटना स्थित एक पार्क में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पहुंचे और पेड़ों को राखी बांधी। इस मौके पर नीतीश कुमार ने कहा, “पेड़ों को बचाना हम सभी का कर्तव्य है और यह पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सबसे आवश्यक है।”
उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2001 से लोगों के बीच पेड़ों को बचाने के लिए पेड़ों को राखी बांधकर इसका संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में वन क्षेत्रों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि अविभाजित बिहार में 17 प्रतिशत वन क्षेत्र था, लेकिन झारखंड के अलग हो जाने के बाद बिहार में वन क्षेत्र काफी कम रह गया है।
बिहार सरकार ने वनक्षेत्र बढ़ाने के लिए एक अभियान के तहत काम कर रही है।
इस मौके पर सुशील कुमार मोदी ने कहा कि वृक्ष को न केवल नष्ट होने से बचाना होगा बल्कि पेड़ों की संख्या को भी बढ़ाना होगा।
इधर, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और उनके बड़े भाई तथा पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर बहन अनुष्का से पटना राखी बंधवाई। इस मौके पर राजद नेता तेजस्वी ने अपने ट्विटर पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं और सभी लोगों को राखी की शुभकामनाएं भी दीं।
फोटो में बहन अनुष्का अपने दोनों भाइयों को राखी बांधती नजर आ रही हैं। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं।
dharmpath.com dharmpath