मुंबई, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी जमीन तलाशने के लिए शनिवार को मुंबई में एक रैली करेगी, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री व पार्टी के अध्यक्ष नीतीश कुमार मुख्य वक्ता होंगे।
जद (यू) की महाराष्ट्र इकाई के संयोजक तथा विधायक कपिल पाटील ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र में पार्टी की औपचारिक शुरुआत के लिए पश्चिमोत्तर मुंबई के गोरेगांव में एक रैली का आयोजन होगा, जिसमें बिहार तथा अन्य राज्यों के जद (यू) के नेता शिरकत करेंगे।
पिछले महीने पाटील की लोक भारती पार्टी के जद (यू) में विलय होने के बाद उत्तर प्रदेश, झारखंड, गुजरात, कर्नाटक तथा केरल की तरह महाराष्ट्र में भी पार्टी के पैर जमाने का मार्ग प्रशस्त हो गया।
विलय के बाद जद (यू) के नेताओं ने 10 अप्रैल से महाराष्ट्र का दौरा शुरू किया, जिस दौरान उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं, निर्दलीय या पार्टी से संबद्ध राजनीतिज्ञों तथा श्रमिक व यूनियन के नेताओं से मुलाकात की।
पाटील ने आईएएनएस से कहा, “कई मशहूर लोगों तथा संगठनों ने नीतीश कुमार के नेतृत्व को समर्थन देने का फैसला किया है, जिनमें कई बैंकिंग यूनियन, बृहन्मुंबई म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन मजदूर यूनियन, बेस्ट कामगार यूनियन, मुंबई ऑटोरिक्शा एंड टैक्सीमेन यूनियन शामिल हैं।”
उन्होंने कहा कि जद (यू) के विस्तार का उद्देश्य साल 2019 के लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश करना है।
जद (यू) का मानना है कि बिहार के अलावा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, गुजरात, कर्नाटक तथा केरल में उसकी जड़ी गहरें हैं।
महाराष्ट्र में अपनी जमीन तलाशने वाली पार्टियों में समाजवादी पार्टी (सपा) तथा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन भी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath