नीमच में हिरासत में लिए गए राहुल गांधी (लीड-2 )

नीमच/मंदसौर/भोपाल , 8 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में पुलिस गोलीबारी में मारे गए किसानों के परिजनों से मुलाकात करने के लिए जा रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को गुरुवार को हिरासत में ले लिया गया।

मंदसौर में प्रवेश की अनुमति न मिलने के बावजूद गांधी सड़क मार्ग से उदयपुर से मंदसौर जा रहे थे। वह हवाई मार्ग से दिल्ली से उदयपुर पहुंचे थे।

बीच में वह पुलिस को चकमा देते हुए नीमच से पहले निंबाड़ से मोटर साइकिल से मंदसौर की ओर रवाना हुए। पहले सचिन पायलट और फिर विधायक जीतू पटवारी ने मोटर साइकिल चलाई। वे कच्चे मार्ग से चिंताखेड़ा होते हुए नीमच बार्डर पर पहुंच गए।

नीचम बॉर्डर पर पहुंचते ही गांधी को पुलिस ने घेरा तो वे किसानों के साथ खेत में पहुंच गए। वहां पुलिस ने उन्हें घेर लिया। उसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। गांधी ने स्वयं संवाददाताओं से चर्चा करते हुए बताया कि पुलिस ने उनसे कहा है कि उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।

मंदसौर जिला प्रशासन द्वारा प्रवेश की अनुमति न दिए जाने के बाद राहुल गांधी अन्य नेताओं के साथ हवाई जहाज से उदयपुर पहुंचे थे और वहां से वाहनों के काफिले से निकले थे। मंदसौर के करीब पहुंचने से पहले वह अपने काफिले को छोड़कर मोटर साइकिल पर सवार हो गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493