नेपाल की राष्ट्रपति का भारत दौरा रद्द (लीड-1)

काठमांडू, 6 मई (आईएएनएस)। नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी का नौ मई से प्रस्तावित भारत दौरा रद्द हो गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दौरा रद्द किए जाने की हालांकि कोई वजह नहीं बताई गई है।

कूटनीतिक सूत्रों ने हालांकि आईएएनएस से कहा कि हाल ही में उत्पन्न राजनीतिक संकट और प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली का भारत के प्रति रुख इसके लिए जिम्मेदार है।

राष्ट्रपति भंडारी के मुख्य निजी सहायक भेष राज अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि मंत्रिमंडल की गुरुवार और शुक्रवार को दो बैठकें हुईं, लेकिन उनके दौरे, प्रतिनिधिमंडल और एजेंडे को मंजूरी नहीं मिल पाई।

विदेश मंत्रालय ने दौरा रद्द किए जाने की जानकारी भारत में नेपाल के राजदूत दीप कुमार उपाध्याय को दे दी है।

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के आमंत्रण पर भंडारी भारत के अपने पहले दौरे पर अगले सप्ताह आने वाली थीं। बुधवार को पत्रकारों के सवाल के जवाब में भंडारी ने कहा था कि अपने दक्षिणी पड़ोसी देश का यह सद्भावना दौरा होगा।

उन्होंने कहा था कि उनके दौरे का उद्देश्य दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा था, “मैं भारत के राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को नेपाल दौरे के लिए आमंत्रित करूंगी।”

उल्लेखनीय है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भंडारी नौ मई को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में शामिल होने वाली थीं और इसके बाद राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी एवं अन्य राजनीतिक नेताओं के साथ बैठक करने वाली थीं।

भंडारी 11 मई को मध्य प्रदेश के उज्जैन में लगे सिंहस्थ कुंभ मेले में जाने वाली थीं। वहां वह महिला सशक्तीकरण पर व्याख्यान भी देने वाली थीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493