काठमांडू, 4 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (सीपीएन) के अध्यक्ष पुष्प कमल दहल प्रचंड को राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी ने गुरुवार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रचंड ने अपने मंत्रिमंडल में पांच नए मंत्रियों को शामिल किया और उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इन पांच नए मंत्रियों में तीन सदस्य माओवादी पार्टी के हैं, जबकि दो सदस्य नेपाली कांग्रेस के हैं।
बुधवार को नेपाली संसद में संसद सदस्यों के बीच मतदान के द्वारा 39वें प्रधानमंत्री चुने गए प्रचंड ने काठमांडू स्थित राष्ट्रपति भवन में विशेष तौर पर आयोजित समारोह में शपथ ग्रहण किया।
प्रचंड दूसरी बार नेपाल के प्रधानमंत्री बने हैं। प्रचंड पहली बार 2008 में नेपाल के प्रधानमंत्री बने थे, लेकिन अप्रैल, 2009 में उन्होंने तत्कालीन सेनाध्यक्ष जनरल रूकमुंगाड कटवाल को हटाने को लेकर उठे विवाद के चलते इस्तीफा दे दिया था।
नेपाल के उप राष्ट्रपति नंद किशोर पुन, प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की, पूर्व प्रधानमंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और काठमांडू में रहने वाले दूसरे देशों के राजनयिक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल रहे।
माओवादी नेता कृष्ण बहादुर महात्रा, दलजीत श्रीपलि और गौरी शंकर चौधरी ने क्रमश: उप प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री, युवा एवं खेल मंत्री और कृषि मंत्री पदों की शपथ ली। उल्लेखनीय है कि श्रीपलि और गौरीशंकर माओवादी सेना का हिस्सा रह चुके हैं।
नेपाली कांग्रेस के नेता बिमलेंद्र निधि को उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री बनाया गया है, जबकि रमेश लेखक को भौतिक अवसंरचना एवं परिवहन मंत्रालय सौंपा गया है।
dharmpath.com dharmpath