वेलिंगटन, 11 मई (आईएएनएस)। नेपाल में 25 अप्रैल को आए भूकंप से हुए नुकसान का मूल्यांकन करने के लिए न्यूजीलैंड के इंजीनियरों की एक टीम काठमांडू का दौरा करेगी।
न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री मुरी मैककुली ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मुरी ने कहा, “नेपाल सरकार ने सरकारी इमारतों तथा अस्पतालों सहित सार्वजनिक आधारभूत संरचनाओं को हुए नुकसान का मूल्यांकन करने के लिए न्यूजीलैंड के विशेषज्ञों से सहायता की अपील की है।”
उन्होंने कहा, “भूकंप के बाद आधारभूत संरचनाओं को दुरुस्त करने का अनुभव रखने वाले न्यूजीलैंड के चार इंजीनियर नेपाल जा रहे हैं।”
मुरी ने कहा, “इंजीनियरों की टीम एक सप्ताह तक काठमांडू में रहेगी, नुकसान का मूल्यांकन करने के साथ-साथ वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि क्या वहां 10-12 इंजीनियरों की टीम की जरूरत है।”
उन्होंने कहा, “इसके बाद होने वाली नियुक्ति तीन महीने के लिए होगी और उनका मुख्य ध्यान क्षतिग्रस्त इमारतों को पहले की तरह बनाने तथा स्थापित करने में सहायता पर होगा।”
न्यूजीलैंड सरकार ने अब तक भूकंप प्रभावित नेपाल को 14.8 लाख डॉलर की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है।
dharmpath.com dharmpath