काठमांडू, 27 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय आपूर्ति बाधित होने से नेपाल में ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की किल्लत पैदा होने के बाद नेपाल ऑयल कारपोरेशन (एनओसी) ने रविवार को ग्राहकों को ईंधन वितरण के लिए टोकन प्रणाली पर विचार किया।
सरकार ने भी रविवार से वाहनों पर सम और विषम संख्या के नंबर प्लेट की सीमा लगाई। इसके तहत सम पंजीकरण संख्या वाले वाहन सम तिथि को और विषम संख्या वाले वाहन विषम तिथि को चलाए जाएंगे।
देश में ईंधन किल्लत के चलते विमानन कंपनियों को भी विदेश में ही ईंधन लेने की सलाह दे दी गई है।
रविवार को जमुनिहा चौकी से भारत से सिर्फ तीन तेल टैंकर, दो ट्रक आलू और एक ट्रक प्याज नेपाल आया। अधिकारियों ने कहा कि भारत उन्हीं वस्तुओं को आने दे रहा है, जो सड़ सकता है।
सीमा व्यापार के अवरुद्ध होने पर नेपाल के विदेशी मंत्रालय ने रविवार को चिंता जताई।
मंत्रालय ने कहा कि इस अवरोध से नेपाल में आवश्यक वस्तुओं की 23 सितंबर के बाद से किल्लत पैदा हो गई है, जबकि तराई क्षेत्र में सुरक्षा की स्थिति में कुछ सुधार ही हुआ है।
नेपाल एलपील गैस इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने कहा कि भारत की ओर से प्रतिबंध थोपे जाने की वजह से किसी भी रिफीलिंग संयंत्र में समुचित रसोई गैस उपलब्ध नहीं है।
नेपाल में 20 सितंबर को लागू नए संविधान के कुछ प्रावधानों पर भारत द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद गत चार दिनों से दोनों देशों में कूटनीतिक गतिरोध बना हुआ है।
dharmpath.com dharmpath