नेपाल में राहत सामग्री वितरण को सुगम बनाएं : अखिलेश

लखनऊ , 7 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेपाल के भूकंप पीड़ितों के लिए राहत सामग्री वितरण को सुगम बनाने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देशों के बाद राहत सामग्री के वितरण को सुगम बनाने के लिए पैकेजिंग और लेबलिंग उचित तरीके से कराया जा रहा है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, राहत कार्य में जुटीं उत्तर प्रदेश की 215 बसें लौट आई हैं।

बयान के अनुसार, उप्र से टेंट, गद्दे, तिरपाल, कंबल, पानी शुद्धिकरण की दवाइयां, स्वच्छता किट, बर्तन एवं अन्य इसी प्रकार की सामग्रियों को वरीयता देते हुए राहत सामग्री लगातार भेजी जा रही हैं।

भूकंप पीड़ितों को राहत प्रदान करने के लिए 37,078 कंबल, 16,159 तिरपाल व प्लास्टिक शीट्स, 3,516 तौलिया, 2,027 चटाई, 2,931 टार्च, तथा 936 सोलर लालटेन तथा 10 कुंतल रस्सी भी भेजी गई हैं।

बयान के मुताबिक, कई जिलों से राहत सामग्री एकत्रित होकर गोरखपुर सोनौली मार्ग से नेपाल पहुंच रही हैं। यह सामग्री मुख्यत: लखनऊ, शाहजहांपुर, संतकबीर नगर, मुरादाबाद, मेरठ, सीतापुर, हरदोई, फैजाबाद, आगरा, बनारस, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बिजनौर, गाजियाबाद, शामली एवं बागपत जनपद से भेजी गई है।

उत्तर प्रदेश मंडी परिषद की ओर से अब तक 2,841़17 कुंतल खाद्यान्न, आटा, चावल, आलू, प्याज सहित कई सामग्री नेपाल भेजी जा चुकी है।

भूकंप पीड़ितों के सहायतार्थ गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित राहत शिविर में कुल 11,238 भूकंप पीड़ितों को भोजन, चिकित्सा, विदेशी मुद्रा परिवर्तन तथा परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। परिवहन निगम की 215 बसें वापस आ चुकी हैं।

बयान में बताया गया है कि निजी वाहनों एवं प्राइवेट साधनों से सोनौली वापस आए लगभग 8,327 भूकंप पीड़ितों को सम्मिलत करते हुए अभी तक लगभग 20,643 भूकंप पीड़ित गोरखपुर आकर विभिन्न साधनों से घर भेजे जा चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493