बार्सिलोना, 4 जनवरी (आईएएनएस)। स्पेनिश फुटबाल क्लब एस्पानियोल के अध्यक्ष जुआन कोलेट ने सोमवार को कहा कि बार्सिलोना के खिलाफ हुए ला लीगा के बीते मैच के दौरान नेमार के खिलाफ किसी तरह की नस्लीय टिप्पणी नहीं हुई।
बार्सिलोना बोर्ड के पूर्व सदस्य टोनी फ्रेइक्सा ने शनिवार को ट्वीट किया था, “मुझे पूरा विश्वास है कि मैच के दौरान नेमार के खिलाफ हुई नस्लीय टिप्पणी पर मैच रेफरी की रिपोर्ट में पूरी सावधानी से जिक्र होगा।”
बार्सिलोना के मिडफील्डर एवं कप्तान आंद्रेस इनिएस्ता ने भी फ्रेइक्सा के विचार का समर्थन किया था और कहा था कि उन्होंने ‘मैदान के एक कोने से दर्शकों के बीच से इस तरह की नस्लीय टिप्पणी सुनी थी’।
कोलेट ने हालांकि सभी आरोपों को खारिज किया है।
कोलेट ने कहा, “स्टेडियम में मौजूद 30,000 दर्शकों के बीच मैं भी मौजूद था और ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था। एक बार जब तेज शोर उठा, उसी को लेकर यह सारी बातें कही जा रही हैं, लेकिन उसमें ऐसा कुछ भी नहीं था। सारी बातें झूठी हैं।”
dharmpath.com dharmpath