नेल्सन, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान (91), धनुषका गुनाथिलाका (65) और लाहुर थिरिमाने ( 87) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका क्रिकेट टीम ने साक्सटन ओवल मैदान पर हुए तीसरे एकदिवसीय मैच में मेजबान न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराकर दौरे की पहली जीत दर्ज की।
टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को जीत के लिए 277 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे श्रीलंका ने 46.2 ओवरों में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पहले दो एकदिवसीय मैचों मे करारी हार झेल चुकी श्रीलंका ने इस मैच में शानदार खेल दिखाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शरुआत काफी अच्छी रही। दोनों ही सलामी बल्लेबाज गुनाथिलाका और दिलशान ने पहले विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। दोनों की साझेदारी को मिशेल मैक्क्लेगन ने तोड़ा। उन्होंने गुनाथिलाका को रॉस टेलर को हाथों कैच करा पवैलियन भेजा।
गुनाथिलाका के जाने पर मैदान पर आए थिरिमाने ने दिलशान के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी कर टीम की जीत लगभग तय कर दी थी। टेलर ने दिलशान को रन आउट कर साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद मैदान पर आए दिनेश चांडिमाल (27) ने थिरिमाने के साथ मिलकर टीम को पहली जीत की दहलीज पर पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की तरफ से एकमात्र विकेट मैक्क्लेगन ने लिया। चोट के बाद वापसी कर रहे टिम साउदी इस मैच में बेदम नजर आए।
इससे पहले कप्तान बै्रंडन मैंक्लम की गैरमौजूदगी में खेलने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। पहले दो मैचों में मैच के हीरो रहे मार्टिन गुपटिल (30) इस मैच में कुछ खास नहीं कर पाए। टीम की तरफ से कोई बड़ी साझेदारी नहीं हो पाई और नियामित अंतराल पर विकेट गिरते रहे।
पहला विकेट 42 रन पर गिरने के बाद दूसरे विकेट के लिए सलामी बल्लेबाज टॉम लैथम (42) और चोट से वापसी कर रहे केन विलियमसन (59) ने 60 रन जोड़े। यह न्यूजीलैंड की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही। न्यूजीलैंड की तरफ से सबसे ज्यादा रन विलियमसन ने बनाए।
श्रीलंका की तरफ से नुवान प्रदीप, दुशमंथा चामीरा और जैफरी वेनडरसे ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मिलिंद श्रीवर्धना को एक विकेट मिला।
न्यूजीलैंड अब भी पांच एकदिवसीय मैचों की श्रृखंला में 2-1 से आगे है।
dharmpath.com dharmpath