दिल्ली पुलिस ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर सुरक्षा कड़ी की

नई दिल्ली, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। नववर्ष के जश्न के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

पुलिस ने कहा कि पुलिस दिल्ली में भीड़भाड़ वाली जगहों, बाजारों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन व अन्य प्रमुख जगहों पर नजर रखेगी, ताकि कोई अप्रिय घटना न घटने पाए।

पुलिस नाकों व सीमा चौकियों को दिल्ली में आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच करने के लिए कहा गया है। शहर में जगह-जगह बैरिकेड्स लगाए गए हैं और हर जगह यातायात पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।

पुलिस ने कहा कि वे उन रेस्तरां, होटलों, पब, फार्महाउस व अन्य सार्वजनिक जगहों पर नजर रखेगी, जहां नववर्ष का जश्न मनाने के लिए लोगों के बड़ी तादाद में जुटने की संभावना है।

विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) मुकेश चंद्र ने कहा, “दिल्ली यातायात पुलिस ने नववर्ष की पूर्व संध्या पर पूरे शहर में सुचारु यातायात के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। कनॉट प्लेस के आसपास के इलाकों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।”

उन्होंने कहा, “कनॉट प्लेस से लगती जगहों पर रात 8.30 बजे से नववर्ष का जश्न थमने तक सभी निजी व सार्वजनिक वाहनों पर प्रतिबंध है।”

साकेत, ग्रेटर कैलाश मार्केट, चिराग दिल्ली, न्यू फ्रेंड्स कालोनी, डिफेंस कालोनी एवं महरौली में यातायात डायवर्ट रहेगा।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “दिल्ली में ड्रंक एंड ड्राइविंग को रोकने के लिए गहन जांच अभियान चलाया जाएगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493