नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआइ) ने बुधवार को ‘नेशनल क्वालिटी कॉनक्लेव (एनक्यूसी)’ के 11वें संस्करण के आयोजन की घोषणा की है। इस परिचर्चा का फोकस विभिन्न उद्योगों के अग्रणियों को एक कॉमन मंच पर लाकर उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ क्वालिटी की पद्धतियों को प्रोत्साहित करने हेतु नयी युक्तियों को साझा करने और और उस पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करना है।
क्यूसीआइ गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में गुणवत्ता मानदंडों को अपनाने एवं स्वीकार करने के लिए प्रेरित करने वाली भारत सरकार की एक निकाय है।
हर साल एक विशेष थीम पर इस परिचर्चा का आयोजन किया जाता है। इस साल का थीम ‘इम्प्रूविंग क्वालिटी फॉर ऑवर 125 करोड़ सिटिजन्स’ पर आधारित है। इसका उद्घाटन रेल मंत्री सुरेश प्रभु करेंगे।
इस बारे में क्यूसीआई के अध्यक्ष आदिल जैनुलभाई ने बताया , “भारत का हालिया विकास हमारे समय की सर्वाधिक उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक रहा है। पिछले साढ़े छह दशकों के दौरान देश ने सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक क्रांति का बिगुल फूंका है एवं ढेर सारी पहलों का साक्षी बना है, जिसने अनेकानेक अवसरों को जन्म दिया है। भारत के पास अब अपने 125 करोड़ लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए उपलब्धियों का दुर्लभ अवसर मौजूद है और सही मायनो में समृद्ध भविष्य के लिए एक बेहतरीन आधारशिला तैयार हो चुकी है। गुणवत्तायुक्त आधारभूत संरचना, एक्रेडिशन व सर्टिफिकेशन के लिए राष्ट्रीय आयोजक के रुप में क्यूसीआइ दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्य उन महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना है, जो राष्ट्र को प्रभावित करते हैं और इसका लक्ष्य नागरिकों की जीवन की गुणवत्ता में निरंतर सुधार को सुसाध्य बनाना है।”
इस ऐतिहासिक क्यूसीआइ 2016 में विभिन्न क्षेत्रों के 1000 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
dharmpath.com dharmpath