नेशन्स लीग : विश्व चैम्पियन फ्रांस ने जर्मनी को 2-1 से मात दी

सेंट डेनिस (फ्रांस), 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप का खिताब जीतने वाली फ्रांस की टीम ने मंगलवार देर रात यहां यूरोपीय नेशन्स लीग के ग्रुप स्तर के मुकाबले में जर्मनी को 2-1 से शिकस्त दी।

जर्मनी का खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रहा और एक गोल से आगे होने के बाद भी वे जीत दर्ज नहीं कर सकी।

बीबीसी के अनुसार, इस वर्ष जर्मनी की टीम केवल एक प्रतिस्पर्धी मैच ही जीतने में कामयाब हो पाई है। रूस में हुए विश्व कप में वे ग्रुप स्तर से आगे नहीं बढ़ पाए थे।

हालांकि, स्टेड डी फ्रांस स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जर्मनी की शुरुआत शानदार रही और 14वें मिनट में मिडफील्डर टॉनी क्रूस ने पेनाल्टी को गोल में बदलकर मेहमान टीम को बढ़त दिला दी।

इसके बाद, फ्रांस ने अपने घरेलू दर्शकों से सामने वापसी करने की कोशिशें तेज कर दी। पहले हाफ में मेजबान टीम ने गेंद पर नियंत्रण बनाकर आक्रामक फुटबाल खेली, लेकिन वे पहले हाफ में गोल करने में सफल नहीं हो पाए।

फ्रांस के लिए दूसरा हाफ बेहतरीन रहा। 62वें मिनट में स्पेनिश क्लब एटलेटिको मेड्रिड से खेलने वाले फारवर्ड एंटोनी ग्रीजमैन ने लुकस हर्नाडीज के क्रॉस पर हेडर के जरिए गोल करके फ्रांस को मैच में बराबरी पर ला खड़ा कर दिया।

बराबरी का गोल करने के बाद मेजबान टीम के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और 80वें मिनट में फ्रांस को पेनाल्टी मिली। ग्रीजमैन ने इस बार भी कोई गलती नहीं कि और गेंद को गोल में डालकर फ्रांस की जीत सुनिश्चित कर दी।

फ्रांस पिछले 14 मैचों में से एक भी मैच नहीं हारा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493