प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर हुए समारोह की शुरुआत पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि से हुई। मुख्य अतिथि प्रमोद तिवारी ने कहा कि आज भारत देश की आर्थिक, औद्योगिक एवं सामरिक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पं. नेहरू की देन है।
उन्होंने कहा, “आजादी के बाद पंडित नेहरू ने हमारे देश में सेक्युलरिज्म को स्थापित करने में सबसे बड़ा योगदान दिया और देशभर में फैली अशांति एवं धार्मिक उन्माद को शांत कर देश को एकजुट करके सशक्त बनाया और विकास का मार्ग प्रशस्त किया। लेकिन आज देश में सत्तासीन शक्तियां नेहरू की सेक्युलरिज्म को नुकसान पहुंचा रही हैं, जिससे देश की एकता और अखंडता को खतरा पैदा हो गया है। ऐसे में हम सभी को पंडित नेहरू के उस समाजवाद को मजबूत करने की जरूरत है।”
प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री व प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति के चेयरमैन रामकृष्ण द्विवेदी ने कहा कि पंडित नेहरू युगद्रष्टा थे। उन्होंने आजादी के बाद घोर निराशा में डूबे भारत को निराशा से उबारकर सभी क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनाया। आज का विकसित भारत नेहरू की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री सत्यदेव त्रिपाठी, मारूफ खान, विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह, सैफुल इस्लाम सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
dharmpath.com dharmpath