नैनीताल, 11 मार्च (आईएएनएस)। देश-दुनिया में कलाकृति संरक्षण सलाहकार के रूप में अपनी खास पहचान बना चुके नैनीताल के अनुपम साह को इटली का प्रतिष्ठित पुरस्कार ‘नाइट ऑफ द ऑर्डर ऑफ स्टार ऑफ इटली’ मिलेगा। इटली के राष्ट्रपति सेर्गियो मैटारेला ने इसकी घोषणा की है।
राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन से जुड़े अनुपम हिमालय सोसाइटी फॉर हैरिटेज एंड कंजरवेशन (हिमसाको) संस्था के निदेशक हैं। संस्था 1996 से कला संरक्षण से जुड़ी है।
साह के मुताबिक, पिछले 20 वर्षो में वह कई राज्यों में कला संरक्षण के लिए कई संस्थाएं भी खोल चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने देश-विदेश में 200 से अधिक कार्यशालाएं भी आयोजित की हैं।
मंत्रालयों व सांस्कृतिक संस्थाओं में उन्हें एक्सपर्ट एडवाइजर के रूप में आमंत्रित किया जाता है। वह बताते हैं कि ओडिशा में भी उन्होंने पुरानी शिल्प पद्धति के संरक्षण में अहम कार्य किया है।
अनुपम साह ने बताया कि 12 अप्रैल से अमेरिका के येल यूनिवर्सिटी में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन होने जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र की कलाकृति के संरक्षण को लेकर होने जा रहा यह सम्मेलन 14 अप्रैल तक चलेगा।
इस सम्मेलन में भारत की ओर से वह हिस्सा लेंगे। इससे पहले वह नेपाल, श्रीलंका, इंडोनेशिया, इटली, जर्मनी, अस्ट्रेलिया व अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रतिभागिता कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath