नॉर्थ साउंड टेस्ट : बेल का शतक, इंग्लैंड ने बनाए 5 विकेट पर 341 रन (लीड-1)

नॉर्थ साउंड (एंटिगा), 14 अप्रैल (आईएएनएस)। सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में सोमवार से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हुए पहले टेस्ट मैच में इयान बेल (143) ने अपने 22वें टेस्ट शतक की बदौलत इंग्लैंड को शुरुआती झटकों से उबार लिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 341 रन बना लिए हैं।

बेल ने 256 गेंदों की पारी में 20 चौके और एक छक्का लगाया। बेन स्टोक्स फिलहाल 71 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि जेम्स ट्रेडवेल को अपना खाता खोलना है। स्टोक्स अपनी पारी में अब तक 10 चौके और एक छक्का लगा चुके हैं।

इंग्लैंड की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और उसके पहले तीन बल्लेबाज केवल 34 रनों के अंदर पवेलियन लौट गए।

इंग्लैंड को पहला झटका पहले ही ओवर में जोनाथन ट्रॉट (1) के रूप में लगा। उन्हें जेरोम टेलर ने डारेन ब्रावो के हाथों कैच कराया। इसके कुछ देर बाद कप्तान एलिस्टर कुक भी 11 रन बनाकर केमार रोच के शिकार हुए। गैरी बैलेंस (10) तीसरे विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। उनका विकेट जेसन होल्डर ने लिया।

तीन विकेट गिरने के बाद बेल और जोए रूट (83) ने चौथे विकेट के लिए 177 रनों की साझेदारी कर टीम को मुश्किलों से उबारा। रूट ने 133 गेंदों में 11 चौके लगाए।

रूट के पवेलियन लौटने के बाद बेल ने स्टोक्स के साथ भी 130 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को 300 से पार पहुंचाया।

बेल के हालांकि दिन का खेल खत्म होने से कुछ मिनट पहले आउट होते ही यह जोड़ी टूट गई। उन्हें रोच ने विकेटकीपर और कैरेबियाई कप्तान दिनेश रामदीन के हाथों कैच कराया।

वेस्टइंडीज की ओर से टेलर और रोच ने दो-दो विकेट हासिल किए। होल्डर को एक सफलता मिली।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493