नॉर्थ साउंड (एंटिगा), 15 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लैंड द्वारा पहली पारी में बनाए गए 399 रनों के जवाब में मेजबान वेस्टइंडीज ने सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट के नुकसान पर 155 रन बना लिए हैं।
अनुभवी बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल 29 और जर्मेन ब्लैकवुड 30 रन बनाकर नाबाद हैं। इन दोनों के बीच में अब तक 56 रनों की साझेदारी हो चुकी है। वेस्टइंडीज अभी पहली पारी के आधार पर 244 रन पीछे है।
वेस्टइंडीज को पहला झटका 19 रनों के योग पर लगा। क्रेग बाथवेथ (39) के साथ पारी की शुरुआत करने आए डेवन स्मिथ 11 रन बनाकर बनाकर जेम्स एंडरसन का शिकार बने। इसके बाद डारेन ब्रावो (10) को क्रिस जोर्डन ने और मार्लन सैमुअल्स (33) को स्टुअर्ट ब्रॉड ने पवेलियन की राह दिखाई। ये तीनों बल्लेबाज विकेटकीपर जोस बटलर द्वारा लपके गए।
दिन के आखिरी बल्लेबाज के रूप नें ब्राथवेट आउट हुए। उनका विकेट जेम्स ट्रेडवेल ने हासिल किया।
इससे पूर्व पहले दिन के पांच विकेट के नुकसान पर 341 रनों से आगे खेलने उतरी इंग्लिश टीम के बाकी के आधे बल्लेबाज केवल 58 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए। पहले दिन 71 रन बनाकर नाबाद लौटे बेन स्टोक्स 79 रन बनाकर जेरोम टेलर के शिकार बने।
जेम्स ट्रेडवेल ने 8 रन बनाए। जॉर्डन 21 रन बनाकर नाबाद रहे।
वेस्टइंडीज की ओर से केमार रोच ने सर्वाधिक चार जबकि जेरोम टेलर ने तीन विकेट चटकाए। जेसन होल्डर को दो सफलता मिली। एक विकेट सैमुअल्स ने हासिल किया।
dharmpath.com dharmpath