लॉस एंजेलिस, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। गायक पर्सी स्लेज का लीवर खराब हो जाने से निधन हो गया। वह 74 साल के थे। स्लेज के प्रबंधक मार्क लायमैन ने उनके निधन की पुष्टि की।
मार्क ने बताया कि स्लेज ने मंगलवार को बैटन रूज स्थित अपने घर में आखिरी सांस ली।
लगभग साल भर पहले पहले स्लेज के लीवर कैंसर से पीड़ित होने का पता चला था, जिसके बाद जनवरी 2014 में उनका ऑपरेशन भी हुआ था।
वेबसाइट ‘एसशोबिज डॉट कॉम’ के अनुसार, स्लेज ने ऑपरेशन के बाद खुद को स्वस्थ और बेहतर महसूस करने के कारण अपने संगीत दौरे को फिर से शुरू करने का फैसला किया था, लेकिन हालत बिगड़ने पर मार्च 2014 में उन्हें कार्यक्रम और प्रस्तुतियां बंद करनी पड़ी थीं। निधन से एक सप्ताह पहले उनकी हालत बहुत ज्यादा बिगड़ गई थी और फिर लीवर के काम करना बंद कर देने से उनकी मौत हो गई।
संगीतकार बूट्सी कोलिंस ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर लिखा, “एक और महान कलाकार पर्सी स्लेज को खो दिया। वह अमेरिकी आरएंडबी थे और कमाल के प्रस्तोता थे।”
स्लेज के एक अन्य संगीतकार दोस्त बीबीसी रेडियो 2 के डीजे टोनी ब्लैकबर्न ने उन्हें ट्विटर पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “यह सुनकर दुख हुआ कि पर्सी स्लेज नहीं रहे। मैंने न जाने कितनी ही बार उनका गाना ‘व्हेन ए मैन लव्स ए वुमैन’ बजाया है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
स्लेज ने 1966 में अटलांटिक रिकॉर्डस के बैनर तले अपना पहला गाना ‘व्हेन ए मैन लव्स ए वुमैन’ जारी किया था, जिसे दुनिया के सबसे आत्मीय गानों में से एक माना गया था।
dharmpath.com dharmpath