गाजियाबाद, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने नोएडा सेक्टर 62 व वैशाली को मेट्रो से जोड़ने के लिए दिल्ली मेट्रो को 109.25 लाख रुपये का भुगतान किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि इस कदम से गाजियाबाद के मोहन नगर को एक प्रमुख परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
इस संबध में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्प (डीएमआरसी) को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए कहा गया है।
जीडीए के अध्यक्ष सदाकांत ने बताया, “पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के दो शहरों नोएडा और गाजियाबाद तथा उनके आसपास के इलाकों को जोड़ने के लिए डीएमआरसी को एक परियोजना रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।”
उन्होंने बताया कि सेक्टर 62 से नोएडा की मेट्रो लाइन इंदिरापुरम और वसुंधरा होते हुए मोहन नगर पहुंचेगी, जहां वह दिलशाद गार्डन मेट्रो लाइन से जुड़ेगी। वैशाली मेट्रो लाइन भी दिलशाद गार्डन से जुड़ेगी।
इस नेटवर्क से मेरठ के लिए प्रस्तावित रैपिड ट्रेन को भी जोड़ा जाएगा।
dharmpath.com dharmpath