नोटबंदी, जीएसटी राजग के ऐतिहासिक फैसले : गडकरी

नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के ‘दो ऐतिहासिक फैसले’ करार देते हुए सोमवार को कहा कि आने वाले वर्षो में देश का राजस्व बढ़कर 30 लाख करोड़ रुपये हो जाएगा।

समाचार चैनल ‘इंडिया टीवी’ के एक कार्यक्रम ‘संवाद’ के दौरान सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री गडकरी ने कहा कि मोदी के नोटबंदी के फैसले के चलते देश के राजस्व में सात लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।

गडकरी ने कहा, “हमने जब केंद्र में सरकार बनाई थी, तब देश के राजकोष में 13 लाख करोड़ रुपये थे। अब देश का राजकोष बढ़कर 20 लाख करोड़ रुपये का हो चुका है। राजकोष में यह सात लाख करोड़ रुपये का इजाफा मुख्यत: नोटबंदी के चलते हुआ। मुझे पूरा विश्वास है कि जीएसटी भी इसमें इजाफा करेगा।”

सड़क निर्माण और विकास कार्यक्रमों के बारे में गडकरी ने कहा कि इस वर्ष मार्च के बाद से अब तक प्रतिदिन 23 किलोमीटर की दर से सड़कों का निर्माण हुआ है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने पिछले एक वर्ष में कुल 16,800 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया है।

गडकरी ने बताया कि सरकार हवाई यातायात की तर्ज पर पश्चिम बंगाल में हल्दिया से बिहार में पटना के बीच नदी यातायात नियंत्रण प्रणाली विकसित कर रही है।

उन्होंने कहा, “नदी यातायात नियंत्रण प्रणाली परियोजना जल्द ही लांच की जाएगी। हल्दिया से वाराणसी के बीच 4,000 करोड़ रुपये की लागत से नदी परिवहन परियोजना पर काम पहले ही शुरू हो चुका है।”

गडकरी ने कहा कि गंगा नदी में पांच सितारा और सात सितारा क्रूज सेवा भी जल्द ही शुरू की जाएगी।

उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी यातायात जाम की समस्या और लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण को कम करने का भी वादा किया और कहा कि इसी वर्ष अगस्त से दिल्ली की यातायात समस्या आधी रह जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493