नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। संसद के शीत सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को निचले सदन लोकसभा में नोटबंदी पर भारी हंगामा हुआ, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई। विपक्ष ने इस मुद्दे पर संसदीय प्रावधान के तहत बहस की मांग की, जिसे सरकार ने स्वीकार नहीं किया।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से एक स्थगन प्रस्ताव के लिए नोटिस स्वीकार करने को कहा।
स्थगन प्रस्ताव के तहत सभी कार्यो को स्थगित कर बहस होती है और फिर वोट पड़ते हैं।
लेकिन संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि नियम 193 के तहत बहस होनी चाहिए।
इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदन में विपक्ष के हंगामे व नारेबाजी के बीच प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू कर दी।
प्रश्नकाल के तुरंत बाद महाजन ने इस मुद्दे पर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा मिले स्थगन प्रस्ताव के नोटिस अस्वीकार कर दिए।
नोटिस अस्वीकार किए जाने के बाद विपक्ष के सदस्यों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
खड़गे ने कहा, “हम नियम 56 के तहत चर्चा चाहते हैं। नियम 193 के तहत चर्चा ठीक नहीं होगी। हमारे स्थगन प्रस्ताव को स्वीकार किया जाना चाहिए और नियम 56 के तहत बहस कराई जानी चाहिए।”
लोकसभा अध्यक्ष ने इसके बाद कहा कि ऐसा लगता है कि विपक्ष चर्चा नहीं चाहता।
लोकसभा अध्यक्ष ने हालांकि यह कहते हुए सदन की कार्यवाही दोपहर 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी कि इस व्यवधान के बीच बहस नहीं हो सकती।
उसके बाद महाजन ने अपने कक्ष में विभिन्न पार्टियों के नेताओं और सकरार के साथ बैठक की, लेकिन उनके बीच कोई सहमति नहीं बन सकी।
दोबारा सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद भी यही स्थिति रही। कांग्रेस, तृणमूल, राष्ट्रीय जनता दल और समाजवादी पार्टी ने वोटिंग के प्रावधान वाले नियमों के तहत चर्चा की मांग की।
खड़गे ने नियम 193 के तहत चर्चा कराने के सरकार के इरादे का विरोध करते हुए कहा कि इसका कोई फायदा नहीं है, क्योंकि इतके तहत वोट का प्रावधान नहीं है।
तृणमूल कांग्रेस नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि विपक्ष एकजुट है और मतदान के जरिये सरकार की ‘निंदा’ करना चाहता है।
हालांकि संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार ने कहा, “जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले के साथ है। हम चाहते हैं कि विपक्ष मुद्दे पर चर्चा करे। मुझे लगता है कि काले धन पर लगाम लगाने, भ्रष्टाचार और जाली मुद्रा की रोकथाम पर राय बंटी नहीं है।”
सरकार और विपक्ष के बीच कोई सहमति नहीं बन पाने को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी।
dharmpath.com dharmpath