वेलिंगटन, 25 अगस्त (आईएएनएस)। चेकोस्लोवाकिया की एक महिला अपने साथी की मौत के बाद न्यूजीलैंड के एक दूरस्थ पहाड़ पर एक महीने अकेले बिताने के बाद जीवित मिली है।
‘गार्डियन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला बुधवार को दक्षिणी द्वीप के फियोर्डलैंड राष्ट्रीय उद्यान के पहाड़ों पर बने रॉटेबर्न ट्रैक पर एक कॉटेज में मिली।
पुलिस के मुताबिक जोड़े ने 24 जुलाई को पहाड़ों की अपनी पैदल यात्रा शुरू की थी। 28 जुलाई को महिला का साथी एक खड़ी ढलान से गिर गया।
महिला ने बताया कि वह ढलान से नीचे उतरी और अपने साथी के पास पहुंची, लेकिन थोड़ी देर के बाद ही उसकी मौत हो गई।
महिला ने बताया कि उसके बाद से वह सरकार संचालित 50 बिस्तरों वाले एक आश्रयस्थल ‘लेक मेकेंजी हट’ में रह रही थी, जो कि 32 किलोमीटर लंबे ट्रैक की आधी दूरी पर स्थित है।
पुलिस द्वारा चिंता जाहिर करने के बाद कि जुलाई से दंपति का कुछ पता नहीं चला है, उनकी खोजबीन शुरू की गई। भीषण सर्दी के बावजूद बुधवार को वह खोज और बचाव टीम को स्वस्थ हालत में मिली।
गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कहा है कि अगर मौसम में सुधार हुआ तो उसके साथी के शव की तलाश की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath