ऑकलैंड, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान ब्रेंडन मैक्लम को बुधवार को न्यूजीलैंड क्रिकेट अवार्ड समारोह में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
बीते रविवार को संपन्न हुए आईसीसी विश्व कप-2015 में न्यूजीलैंड को पहली बार फाइनल तक पहुंचाने वाले मैक्लम को सर्वोच्च सम्मान ‘सर रिचर्ड हेडली’ पदक से सम्मानित किया गया।
वेबसाइट ‘स्टफ डॉट को डॉट एनजेड’ के अनुसार, केन विलियमसन क्रिकेट के तीनों प्रारूप में न्यूजीलैंड के वर्ष के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुने गए।
विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे आस्ट्रेलयाई गेंदबाज के बराबर ही 22 विकेट लेने वाले किवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बाउल्ट को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, जबकि महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज सूजी बेट्स को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेट खिलाड़ी चुना गया।
न्यूजीलैंड टीम अपने सारे मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप में पहली बार फाइनल तक पहुंचने में कामयाब हुई थी, लेकिन बीते रविवार को मेलबर्न क्रिकेट मैदान (एमसीजी) पर पड़ोसी सह-मेजबान आस्ट्रेलिया के हाथों उसे फाइनल में सात विकेट से हार झेलनी पड़ी।
dharmpath.com dharmpath