क्राइस्टचर्च, 12 फरवरी (आईएएनएस)। मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम की विश्व कप की तैयारियों से उसके प्रशंसक काफी खुश हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफेन फ्लेमिंग ने सवाल किया है कि क्या न्यूजीलैंड विश्व कप खिताब का दावेदार होने का दबाव झेलने में सक्षम है।
इससे पहले विश्व कप में न्यूजीलैंड हमेशा ही अपेक्षा से कहीं बेहतर प्रदर्शन करती रही है और छुपी रुस्तम मानी जाती रही है।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वेबसाइट पर फ्लेमिंग ने अपने लेख में लिखा है, “लेकिन इस बार ब्रेंडन मैक्लम की टीम पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में चल रही है। इस बार न्यूजीलैंड को छिपा रुस्तम नहीं बल्कि खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।”
फ्लेमिंग ने अपने लेख में कहा, “न्यूजीलैंड के खिलाड़ी प्रबल दावेदार होने को टूर्नामेंट के शुरुआत में किस तरह साबित करते हैं वह बेहद अहम होगा।”
उन्होंने कहा, “टीम का सबसे मजबूत पक्ष यह है कि घरेलू मैदान पर बीती श्रृंखला में तथा विदेश में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत के बावजूद उनमें अति आत्मविश्वास नहीं दिख रहा है।”
उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड 14 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ ही विश्व कप का आगाज करेगा।
dharmpath.com dharmpath