लंदन, 19 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने कहा है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में जीत ही टीम के प्रशंसकों को मुश्किल दौर से गुजर रही इंग्लिश टीम के समर्थन में खड़ा कर सकती है।
विश्व कप और वेस्टइंडीज दौरे पर निराशाजनक प्रदर्शन, पीटर मूर्स का कोच पद से निष्कासन तथा केविन पीटरसन से संबंधित चर्चाओं के कारण हाल के दिनों में इंग्लिश टीम ज्यादातर समय विवादों में ही रही है।
ब्रॉड का मानना है कि इन सभी विवादों को दूर करने का एकमात्र तरीका दोबारा जीत की राह पर लौटना है।
न्यूजीलैंड और खासकर आस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज श्रृंखला में अगर इंग्लैंड को सफलता मिलती है तो यह विवाद स्वत: ही पीछे छूट जाएंगे।
ब्रॉड ने मंगलवार को कहा, “न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला जीतना महत्वपूर्ण होगा। अब हमें पूरी तरह से क्रिकेट पर ध्यान देना होगा। खेल की दुनिया ऐसी है कि जब आप हारते हैं तो कई तरह की बातें आपके बारे में की जाती हैं, लेकिन जीतने के बाद आपको आलोचना भी कम झेलनी पड़ती है।”
ब्रॉड के अनुसार, “खिलाड़ी के तौर पर हम अच्छे रन बनाकर, विकेट हासिल कर या कैच पकड़ कर अपना योगदान दे सकते हैं। अगर हम जीत हासिल करते हैं तो प्रशंसक भी हमे देखना पसंद करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath