हांगकांग, 19 मई (आईएएनएस)। भारत के युवा गोल्फ खिलाड़ियों रिद्धिमा दिलावरी, गौरिका बिश्नोई और निष्ठा मदान को बुधवार से शुरू हो रहे 37वें क्वीन सिरिकीट कप एशिया पैसिफिक इन्विटेशनल लेडीज टीम गोल्फ चैम्पियनशिप में दमदार प्रदर्शन करने की उम्मीद है।
भारतीय गोल्फ संग की लेडीज ऑर्डर ऑफ मेरिट लिस्ट में दूसरे पायदान पर मौजूद दिलावरी ने पिछले महीने नोएडा के जेपी ग्रींस गोल्फ क्लब में हुए क्वीन सिरिकीट कप चयन अभ्यास प्रतियोगिता के जरिए क्वालीफाई किया।
तीसरे पायदान पर मौजूद बिश्नोई और सातवें पायदान पर मौजूद मदान ने भी इसी प्रतियोगिता के जरिए क्वालीफाई किया।
दिलावरी और बिश्नोई प्रतिष्ठित क्वीन सिरिकीट कप में दूसरी बार भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि मदान का हांगकांग में यह पहला टूर्नामेंट है।
तीनों खिलाड़ियों ने मौजूदा सत्र में घरेलू प्रतियोगिताओं में, साथ ही अंतर्राष्ट्रीय दौरों पर भी शानदार प्रदर्शन किया।
बिश्नोई ने कहा, “पिछले वर्ष अपने करियर के पहले अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट क्वीन सिरिकीट कप में हिस्सा लेने के बाद से मेरे करियर में भारी उछाल आया है। अब मैं अपना ध्यान ए-श्रेणी की प्रतियोगिताओं पर लगा रहीं हूं और उम्मीद कर रहीं हूं कि आगामी सप्ताह खास रहेगा, क्योंकि मैंने इसके लिए खासी मेहनत की है।”
बिश्नोई की ही तर्ज पर दिलावरी और मदान भी शानदार लय में हैं।
दिलावरी ने कहा, “राष्ट्रीय दौरे पर मैं और गौरिका सबसे लंबे हिट लगाने वाली खिलाड़ियों में रहे, लेकिन यहां अतंर्राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी हमसे 15 से 20 गज लंबे शॉट भी बेहद सटीकता से लगा लेते हैं।”
dharmpath.com dharmpath