वेलिंगटन, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के आव्रजन विभाग ने फर्जी आव्रजक कामगारों के घोटाले का पर्दाफाश किया है। विभाग ने पाया कि फिलिपींस के कई नागरिकों ने न्यूजीलैंड में काम करने के लिए जाली सूचनाओं के आधार पर वीजा हासिल करने की कोशिश की है।
रेडियो न्यूजीलैंड के मुताबिक न्यूजीलैंड आव्रजन विभाग के सहायक प्रबंधक पीटर एल्म्स ने कहा कि उनके विभाग ने वीजा की और बारीकी से जांच शुरू कर दी है। यह पाया गया कि वीजा हासिल करने के लिए कार्य अनुभव और योग्यताओं के बारे में गलत सूचनाएं दी गई हैं।
न्यूजीलैंड ने ऐसे मामलों की संख्या नहीं बताई है लेकिन फिलिपीन्स सरकार ने कहा है कि वह 30 मामलों की जांच कर रही है।
फिलिपींस की राजधानी मनीला से मिली रपटों के मुताबिक माना जा रहा है कि हर कामगार ने जाली दस्तावेजों के लिए 15000 न्यूजीलैंड डालर चुकाए होंगे।
न्यूजीलैंड में फिलिपींस उच्चायोग के प्रवक्ता ग्लेन ओबाख ने कहा कि कुछ कामगारों से कहा गया है कि वे वीजा के लिए फिर से आवेदन करें। उनके पहले के दस्तावेज संदिग्ध हैं।
उन्होंने कहा कि फिलिपींस के कामगारों के पास यह विकल्प भी है कि वे स्वदेश लौट जाएं।
फिलिपींस ने हाल ही में न्यूजीलैंड से समझौता किया है कि अवैध रूप से काम दिलाने वालों से कामगारों की हिफाजत की जाएगी।
इस समय फिलिपींस के 40,000 लोग न्यूजीलैंड में काम कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath