नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पंजाबी भाषा अनिवार्य करने के दिल्ली सरकार के निर्णय का आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ लेना-देना नहीं है।
आप के विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह महज एक ‘इत्तेफाक’ है।
उन्होंने यहां दिल्ली विधानसभा के बाहर संवाददाताओं को बताया, “मेरा मानना है कि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग वक्त में चुनाव होते रहते हैं। यह महज एक इत्तेफाक है कि पंजाब में अगले साल चुनाव है।”
विपक्ष ने शुक्रवार को विधानसभा में आरोप लगाया कि सरकार अन्य राज्यों में समाचारपत्रों में विज्ञापन देकर पैसे की बर्बादी कर रही है।
कई समाचारपत्रों में शुक्रवार को दिल्ली सरकार के विज्ञापनों में घोषणा की गई कि दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्कूलों में पंजाबी भाषा अनिवार्य होगी। कहा गया कि प्रत्येक स्कूल में कम से एक पंजाबी शिक्षक होगा।
dharmpath.com dharmpath