चंडीगढ़, 4 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता हरदेव सिंह लाडी पर शुक्रवार को पंजाब पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में मामला दर्ज किया। पंजाब पुलिस ने यह कार्रवाई सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा शाहकोट विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए लाडी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के चंद घंटों के भीतर की है।
जालंधर ग्रामीण पुलिस संभाग के मेहतपुर पुलिस थाने में लाडी व एक ठेकेदार सहित तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
लाडी, ठेकेदार सुरजीत सिंह व अन्य पर भारतीय दंड संहिता की धारा 379 व खान व खनिज (विकास व नियमन) अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की शिकायत ईंट भट्ठा मजदूर यूनियन के महासचिव मोहन सिंह ने की है। मोहन सिंह ने आरोप लगाया है कि लाडी व ठेकेदार के आदेश पर जालंधर जिले के नकोदर इलाके में अवैध खुदाई/खनन चल रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मामला एक पुलिस अधिकारी के आदेश पर शुक्रवार सुबह दर्ज किया गया है। इस पुलिस अधिकारी की दो दिनों पहले शाहकोट में तैनाती की गई है।
शाहकोट विधानसभा सीट के लिए चुनाव 28 मई को होगा।
यह सीट शिरोमणि अकाली दल के विधायक अजीत सिंह कोहर के फरवरी में निधन से खाली हुई है। पूर्व कोहर इस सीट से पांच बार चुने गए थे।
लाडी 2017 के विधानसभा चुनाव में 5,000 वोटों से कोहर से हार गए थे।
dharmpath.com dharmpath