पंजाब : आरएसएस नेता पर हमले की जांच के लिए टीम गठित

चंडीगढ़, 7 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ नेता और सेना के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी पर हुए हमले की जांच के लिए पंजाब के जालंधर शहर में देर शनिवार को एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया।

आरएसएस की पंजाब इकाई के उपाध्यक्ष ब्रिगेडियर जगदीश गगनेजा (सेवानिवृत्त) को जालंधर के भीड़भाड़ वाले ज्योति चौक में गोली मार दी गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

गगनेजा को तीन गोलियां लगी थीं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर्स ने रविवार को कहा कि उनके शरीर से दो गोलियां निकाल ली गई हैं और उनकी हालत स्थिर है।

दक्षिणपंथी नेता और उनकी पत्नी अपनी कार में थे। जैसे ही वह कार से बाहर निकले दो नकाबपोशों ने उन्हें गोलियां मार दीं और घटनास्थल से फरार हो गए। उन्होंने लोगों को डराने के लिए हवा में भी गोलियां चलाईं।

मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने हमले की निंदा की है और पुलिस को हमलावरों की खोजबीन के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हमला राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के उद्देश्य से किया गया था।

पुलिस पंजाब में दक्षिणपंथी संगठनों के कार्यालयों के इर्द-गिर्द सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर रही है। आरएसएस और शिवसेना के कुछ नेताओं को पहले ही सुरक्षा दी गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493