पंजाब चुनाव : अपराह्न् 1 बजे तक 30 फीसदी मतदान (लीड-4)

चंडीगढ़, 4 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब में शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतदान के दौरान अपराह्न् एक बजे तक 30 फीसदी से अधिक मतदान हुआ है।

पंजाब के मालवा क्षेत्र के जिलों में भारी मतदान हुआ।

निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि मोगा और फतेहगढ़ साहिब जिले में सर्वाधिक 36 फीसदी मतदान हुआ। माझा और दोआबा क्षेत्र मतदान प्रतिशत में पीछे हैं।

मालवा क्षेत्र में 117 में से 69 सीटें हैं। यहां अकाली दल, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर है।

कड़ाके की ठंड के बीच हजारों की संख्या में मतदाता सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से निकले।

सुबह आठ बजे मतदान शुरू होते ही अधिकांश मतदान केंद्रों पर लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई लोग तो मतदान शुरू होने से पहले ही मतदान केंद्रों पर पहुंच गए। मतदान प्रक्रिया शाम पांच बजे तक जारी रहेगी।

चुनाव में 1.98 करोड़ से अधिक मतदाता 1,145 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे, जिनमें 81 महिलाएं और एक किन्नर उम्मीदवार हैं। इस बार छह लाख से अधिक मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

अमृतसर लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी शनिवार को हो रहा है।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं में जोश लगभग एक जैसा ही है। पहली बार मतदान में हिस्सा ले रहे मतदाताओं को विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में जिला प्रशासन ने प्रमाणपत्र जारी किए हैं।

चुनाव में सबसे पहले वोट डालने वालों में शिरोमणि अकाली दल के पटियाला से उम्मीदवार पूर्व सैन्य प्रमुख एवं पूर्व राज्यपाल जनरल जे.जे.सिंह और कांग्रेस से पूर्व वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल (बादल गांव) रहे।

इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उनके बेटे और उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल और बहू एवं केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने बादल गांव में वोट डाले।

बादल गांव लांबी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जहां से प्रकाश सिंह बादल चुनाव मैदान में हैं।

प्रकाश सिंह बादल (89) और उनके परिवार के लोग कड़ी सुरक्षा के बीच गांव के मतदान केंद्र पहुंचे।

प्रकाश सिंह बादल ने वोट डालने के बाद कहा, “हम आसानी से जीत जाएंगे। पंजाब शांति और विकास की ओर देख रहा है।”

प्रकाश सिंह बादल को लांबी सीट से पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह और आम आदमी पार्टी के जरनैल सिंह चुनौती दे रहे हैं।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने वोट डालने के बाद मीडियाकर्मियों से कहा, “हम इस बार शानदार जीत दर्ज कराएंगे। अमरिंदर सिंह अपनी जमानत तक नहीं बचा पाएंगे।”

बादल के बड़े भाई गुरदास बादल अपना वोट डालने अकेले पहुंचे।

प्रकाश सिंह बादल के भतीजे और पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री मनप्रीत बादल (गुरदास बादल के बेटे) ने भी इसी मतदान केंद्र पर वोट डाला।

सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन 2007 से राज्य में सत्ता में है।

सुखबीर सिंह बादल को जलालाबाद सीट से आम आदमी पार्टी के भगवंत मान और कांग्रेस के रवनीत सिंह बिट्टू से सीधी टक्कर मिल रही है।

इसके साथ ही क्रिकेटर से नेता बने कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू (अमृतसर पूर्व), पूर्व ओलंपियन और कांग्रेस नेता परगट सिंह (जालंधर कैंट), अपना पंजाब पार्टी के सुच्चा सिंह छोटेपुर (गुरदासपुर), कांग्रेस के सुनील जाखड़ (अबोहा) और राजिंद्र कौर भट्टल (लहरा) ने भी वोट डाले।

क्रिकेटर हरभजन सिंह और सूफी गायक हंसराज हंस ने भी जालंधर में मतदान किया।

कुछ जिलों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) और मतदाता सत्यापित पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) मशीनों में खराबी की खबरें भी मिली हैं।

निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, अधिकतर स्थानों पर कुछ रुकावट के बाद मतदान दोबारा शुरू हो गया।

राज्य में 22,614 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। मतगणना 11 मार्च को होगी।

राज्य में 2012 के विधानसभा चुनाव में 78.57 फीसदी मतदान हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493