पंजाब : पूर्व अकाली मंत्री के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी का मामला दर्ज

चंडीगढ़, 29 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब के पूर्व अकाली मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह के खिलाफ शुक्रवार को एक महिला सरकारी कर्मचारी की शिकायत पर दुष्कर्म, फिरौती और धोखाधड़ी के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया।

लंगाह के खिलाफ गुरदासपुर सिटी पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है। शिकायत दर्ज कराने वाली महिला विधवा है और उसने अपनी शिकायत में कहा है कि लंगाह उसके साथ 2009 से दुष्कर्म कर रहे थे। यह खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

शिरोमणि अकाली दल की गुरदासपुर जिला इकाई के अध्यक्ष लंगाह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 384 (फिरौती), 420 (धोखाधड़ी) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि महिला ने अपनी शिकायत के समर्थन में पुलिस को एक वीडियो क्लिप भी सौंपी है।

महिला का आरोप है कि लंगाह ने उसकी संपत्ति बेचकर और उससे धन की उगाही कर उसके साथ धोखाधड़ी की है।

गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरचरन सिंह भुल्लर ने कहा कि शिकायत की जांच की गई, और उसके बाद पूर्व मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब गुरदासपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए 11 अक्टूबर को वोट डाले जाने हैं।

शिरोमणि अकाली दल की गठबंधन साझेदार भारतीय जनता पार्टी इस सीट को अपने पास बरकरार रखने की कोशिश में है। यह सीट भाजपा सांसद विनोद खन्ना के अप्रैल में निधन के कारण रिक्त हुई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493