चंडीगढ़, 4 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में खुदकुशी कर चुके 7,000 किसानों के बकाया ऋण राज्य सरकार चुकाएगी।
इस साल 16 मार्च को मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली प्रेस वार्ता में अमरिंदर ने कहा, “खुदकुशी के 7,000 से अधिक मामले हैं, जिनमें पिछली सरकार के दौरान 6,000 से अधिक लोगों ने जान दी।”
अमरिंदर ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के किसानों को ऋण की परेशानी से मुक्ति दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि किसानों के 20 लाख ऋण खातों में बैंकों के कुल 59,620 करोड़ रुपये से अधिक बकाया हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने इस साल के बजट में 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। हम किसानों से कहेंगे कि उन्हें ऋण के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनका खयाल हम रखेंगे। यह राज्य सरकार तथा बैंकों के बीच का मामला होगा।”
देश के कुल क्षेत्र का मात्र 1.54 फीसदी हिस्सा होने के बावजूद हरित क्रांति वाला प्रदेश पंजाब राष्ट्रीय भंडार में लगभग 50 फीसदी अनाज (गेहूं तथा धान) का योगदान करता है।
dharmpath.com dharmpath