पंजाब में बस में छेड़छाड़, चालक गिरफ्तार

चंडीगढ़, 4 मई (आईएएनएस)। पंजाब में एक महिला से छेड़छाड़ का एक और मामला सामने आया है। एक महिला ने पंजाब के खन्ना कस्बे के पास एक निजी बस में एक यात्री द्वारा छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आरोपी बस चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि रविवार को लुधियाना के पास खन्ना कस्बे के निकट एक महिला सरहिंद से साहनेवाल जाने के लिए एक निजी बस में चढ़ी। यह जगह चंडीगढ़ से 60 किलोमीटर दूर है।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बस में उसकी बगल में बैठे एक यात्री ने उसे अचानक छूना शुरू कर दिया। उसके विरोध करने पर वह उसके पीछे वाली सीट पर जा बैठा और अश्लील टिप्पणियां करने लगा।

पीड़िता ने कहा कि उसने बस चालक और कंडक्टर से इसकी शिकायत की, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। उसके बाद महिला ने पति को फोन कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बाद में पुलिस को इसके बारे में सूचित किया।

पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद उस सड़क की नाकेबंदी की, लेकिन बस रोकने के इशारे के बावजूद आरोपी चालक ने बस नहीं रोकी।

खन्ना जिला पुलिस प्रमुख जी.एस.गिल ने कहा कि पुलिस ने बस का पीछा किया और उसे रुकवा लिया। चालक जगविंदर सिंह और कंडक्टर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी यात्री को गिरफ्तार किया जाना बाकी है।

यह घटना मोगा में एक किशोरी और उसकी मां को छेड़छाड़ के बाद चलती बस से फेंके जाने के चार दिन बाद हुई है। उस घटना में किशोरी की मौत हो गई थी। जिस बस में घटना को अंजाम दिया गया था, वह पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की कंपनी की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493