चंडीगढ़, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर फिरोजपुर सेक्टर में 14 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत 70 करोड़ रुपये आकी गई है। फिरोजपुर सेक्टर में केके बैरियर सीमा चौकी के समीप इसे चार पैकेटों में छिपा कर रखा गया था।
बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा, “बीएसएफ के जवानों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा के नजदीक, सीमा सुरक्षा बाड़ के दूसरी ओर पाकिस्तानी तस्करों की संदिग्ध गतिविधि देखी। तस्कर सीमा के इस ओर सीमा बाड़ से पैकेट्स अंदर डालने के लिए एक पाइप डाल रहे थे, बीएसएफ के जवानों ने इसका विरोध किया। लेकिन तस्करों का आक्रामक रुख कायम रहा।”
बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा, “अपनी जान पर खतरे को भांपते हुए और तस्करों के नापाक इरादों को रोकने के लिए बीएसएफ के जवानों ने आत्मरक्षा में गोलीबारी की। लेकिन अंधेरे और धान की ऊंची फसलों का लाभ उठाकर तस्कर भागने में कामयाब रहे।”
बाद में बीएसएफ जवानों ने घटनास्थल से 14 पैकेट हेरोइन और 12 फुट लंबी पाइप बरामद की।
इस बरामदगी के साथ ही इस वर्ष अबतक बीएसएफ द्वारा पंजाब प्रांत से जब्त हेरोइन की मात्रा 164 किलोग्राम से ज्यादा हो चुकी है। 2014 में पंजाब प्रांत से 361 किलोग्राम हेराइन बरामद की गई थी, जो अब तक किसी भी वर्ष में बरामद सबसे अधिक मात्रा है।
dharmpath.com dharmpath