पंजाब व हरियाणा में घना कोहरा

चंडीगढ़, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दोनों पड़ोसी राज्यों में आम जनजीवन बुरी तरहर प्रभावित हुआ।

सड़क, रेल व हवाई यातायात भी कोहरे के कारण प्रभावित हुआ। कई उड़ानें रद्द कर दी गईं तो रेलगाड़ियों के समय में परिवर्तन किया गया।

अमृतसर स्थित श्री गुरु राम दास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों सहित कम से कम 15 उड़ानें निर्धारित समय से देर रहीं।

अमृतसर में तथा इसके आसपास के इलाकों में घना कोहरा रहा।

कोहरे के कारण विभिन्न स्थानों पर दृश्यता घटकर 25 से 200 मीटर रह गई।

अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने कहा कि पंजाब की 553 किलोमीटर लंबी अंतर्राष्ट्रीय सीमा भी घने कोहरे में कैद रही।

हरियाणा में हिसार तथा इसके आसपास के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई।

पंजाब व हरियाणा से गुजरने वाली व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या (एनएच-1), जो अमृतसर को दिल्ली से जोड़ती है, भी कोहरे की वजह से प्रभावित रही।

हरियाणा के राष्ट्रीय राजधानी से सटे क्षेत्रों, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, हिसार, भिवानी, सोनीपत, करनाल और रोहतक में कहीं कम तो कहीं घना कोहरा रहा।

हरियाणा की अंबाला और दिल्ली की कुंडली सीमा के बीच एनएच-1 से सटे इलाकों में भी घना कोहरा रहा।

रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जाने वाली और वहां से आने वाली तथा कई अन्य गंतव्यों की गाड़ियां निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

पंजाब में अमृतसर, लुधियाना तथा जलंधर जिलों में घना कोहरा रहा।

हरियाणा तथा पंजाब में अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान आठ से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक कोहरा बना रहेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493