पटनायक ने एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप मैस्कॉट रैली को दिखाई हरी झंडी

भुवनेश्वर, 12 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को कलिंगा स्टेडियम में एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए मैस्कॉट रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पटनायक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भुवनेश्वर लोकप्रिय गंतव्य के रूप में उभर रहा है।

समुद्री कछुए की एक प्रजाति ‘ओलिव रिडले’ 22वीं एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आधिकारिक मैस्कॉट है।

इस टूर्नामेंट का आयोजन यहां छह से नौ जुलाई तक होगा।

ओली मैस्कॉट की यह रैली टूर्नामेंट के प्रचार के लिए राज्य के 30 जिलों का दौरा करेगी।

पटनायक ने कहा, “भुवनेश्वर में आयोजित होने वाली 22वीं एशिया एथलेटिक्स चैम्पियनशिप सबसे बड़ी प्रतियोगिता है। इसमें 45 देश हिस्सा लेंगे। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भुवनेश्वर लोकप्रिय गंतव्य के रूप में उबर रहा है।”

उन्होंने कहा, “समुद्री कछुए की प्रजाति ओलिव रिडले हमारे राज्य की शान है। मुझे आशा है कि इस ओली मैस्कॉट के जरिए हम इस प्रजाति की सुरक्षा के प्रति देश में जागरुकता उत्पन्न कर सकते हैं।”

खेल सचिव विशाल कुमार देव ने कहा कि यह चैम्पियनशिप अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए ओडिशा की रूचि दर्शाती है।

देव ने कहा, “इसके जरिए, हमें आशा है कि हम अपने देश के एथलीटों और खिलाड़ियों को विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा को दर्शाने का मौका देंगे। इसके अलावा, खेल जगत में राज्य का स्तर बढ़ेगा। हमें एशिया की सबसे बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन का अवसर मिलने पर गर्व है।”

भारत में तीसरी बार एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का आयोजन हो रहा है। इससे पहले इसका आयोजन 1989 में नई दिल्ली और 2013 में पुणे में हुआ था।

ओडिशा में आयोजित होने वाले 22वें एशियाई एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में करीब 1,000 एथलीट हिस्सा लेंगे। इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले एथलीट इस साल अगस्त में लंदन में आयोजित होने वाले आईएएएफ विश्व चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493